मोदी सरकार के 12 वर्ष महिला सशक्तिकरण का स्वर्णिम कालखंड - विधायक माहेश्वरी
मोदी सरकार के 12 वर्ष महिला सशक्तिकरण का स्वर्णिम कालखंड - विधायक माहेश्वरी
राजसमंद। विधायक राजसमंद दीप्ति माहेश्वरी ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राजस्थान विधानसभा में आयोजित गरिमामयी कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों का कालखंड देश में महिला सशक्तिकरण का स्वर्णिम कालखंड रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकार महिलाओं को समाज के प्रत्येक क्षेत्र में सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि संसद एवं प्रांतीय विधान मंडलों में महिलाओं को एक तिहाई आरक्षण प्रदान करने का ऐतिहासिक विधेयक पारित होना भारतीय लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे राजनीति और नीति निर्माण में महिलाओं की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित होगी।
इसी प्रतिबद्धता के अनुरूप सरकार ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, मुद्रा ऋण और लखपति दीदी जैसी अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं को सफलतापूर्वक क्रियान्वित किया है।
उन्होंने कहा कि सरकार का स्पष्ट उद्देश्य महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्यमिता और नेतृत्व जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए समान अवसर उपलब्ध कराना है, जिससे मातृशक्ति का आत्मविश्वास और सशक्तिकरण निरंतर बढ़ रहा है।
इस अवसर पर प्रदेश की विधायिका, कार्यपालिका तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही मातृशक्ति को उनके विशिष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष आदरणीय श्री वासुदेव देवनानी, राज्य मंत्री श्रीमती मंजू बाघमार तथा जयपुर शहर सांसद श्रीमती मंजू शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके प्रेरणादायी विचारों ने महिला सशक्तिकरण के संकल्प को और अधिक दृढ़ करने का कार्य किया।
विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सभी मातृशक्ति को उनके अथक परिश्रम, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण में दिए जा रहे अमूल्य योगदान के लिए हार्दिक बधाई एवं अभिनंदन व्यक्त किया।
विधायक माहेश्वरी ने काठूवास पहुँच कर व्यक्त की गहरी संवेदनाएँ
राजसमंद। विधायक राजसमंद दीप्ति किरण माहेश्वरी ने राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की पूजनीय माताजी के देहावसान पर उनके पैतृक गाँव काठूवास पहुँचकर दिवंगत पुण्यात्मा को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने शोक संतप्त परिजनों से भेंट कर अपनी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि माता का स्नेह और संस्कार परिवार की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं तथा उनका निधन पूरे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।
विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में संबल और धैर्य प्रदान करें।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें