पंचायती राज संशोधन विधेयक से लोकतांत्रिक भागीदारी को मिलेगी नई शक्ति - विधायक माहेश्वरी
पंचायती राज संशोधन विधेयक से लोकतांत्रिक भागीदारी को मिलेगी नई शक्ति - विधायक माहेश्वरी
राजसमंद। विधायक राजसमंद दीप्ति माहेश्वरी ने विधानसभा सदन में राजस्थान पंचायती राज (संशोधन) विधेयक, 2026 पर चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि समय के साथ व्यवस्थाओं में आवश्यक परिवर्तन ही सुशासन की पहचान है। उन्होंने कहा
“समय के संग जो बदले व्यवस्था, वही सुशासन कहलाता है,
जनभावनाओं का सम्मान जहाँ हो, लोकतंत्र वहीं मुस्काता है।
गाँव-गाँव तक भागीदारी बढ़े, जनसेवा का पथ सबके लिए खुले,
हमारा संकल्प यही है — हर नागरिक को समान अवसर मिले।”
विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि राजस्थान पंचायती राज (संशोधन) विधेयक, 2026 लोकतांत्रिक व्यवस्था को समयानुकूल सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि यह संशोधन केवल कानूनी परिवर्तन नहीं, बल्कि लोकतंत्र में व्यापक जन भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास है, जिससे अधिक से अधिक योग्य और समाजसेवी व्यक्तियों को जनप्रतिनिधित्व का अवसर मिल सके।
विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि पंचायती राज संस्थाएं ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं और गांवों के विकास तथा स्थानीय समस्याओं के समाधान में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक है कि अधिक से अधिक योग्य और समाज सेवा के प्रति समर्पित व्यक्तियों को पंचायतों के माध्यम से नेतृत्व का अवसर मिले।
उन्होंने बताया कि वर्तमान संशोधन के माध्यम से राजस्थान पंचायती राज अधिनियम, 1994 की धारा 19 में परिवर्तन करते हुए “दो से अधिक जीवित संतान” से संबंधित अयोग्यता को समाप्त करने का प्रस्ताव रखा गया है। इससे पंचायतों और नगरीय निकायों के चुनावों में अधिक योग्य नागरिकों को भाग लेने का अवसर मिलेगा और लोकतांत्रिक प्रक्रिया अधिक समावेशी बनेगी।
विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने “एक राज्य–एक चुनाव” की ऐतिहासिक पहल के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को बधाई देते हुए कहा कि इससे चुनावी प्रक्रिया अधिक सुव्यवस्थित होगी, प्रशासन का समय और संसाधन बचेंगे तथा शासन का ध्यान विकास कार्यों पर अधिक केंद्रित हो सकेगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह संशोधन लोकतांत्रिक भागीदारी को बढ़ाने, समान अवसर सुनिश्चित करने तथा ग्रामीण विकास को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें