'' संकल्प से सिद्धि की ओर '' आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में जनभागीदारी आवश्यक – विधायक माहेश्वरी
राजसमंद विधायक कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन
'' संकल्प से सिद्धि की ओर '' आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में जनभागीदारी आवश्यक – विधायक माहेश्वरी
राजसमंद विधायक कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन
राजसमंद। जिला मुख्यालय स्थित राजसमंद विधायक कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याएँ सुनी। जनहित से जुड़े विषयों एवं स्थानीय समस्याओं पर चर्चा करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए। विधायक दीप्ति ने कहा कि जनसुनवाई केवल समस्याओं के निराकरण का माध्यम नहीं, बल्कि जनभागीदारी एवं सुशासन को मजबूत करने का प्रभावी मंच है।
इस अवसर पर विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत एवं विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्र के नाम किए गए आह्वान को जन आंदोलन बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जब समाज सक्रिय होकर राष्ट्रहित में सहभागी बनता है, तब देश की बड़ी से बड़ी चुनौतियों का भी सामूहिक समाधान संभव हो जाता है। वैश्विक संकट, युद्ध और बढ़ती महंगाई के दौर में 140 करोड़ भारतीयों का एकजुट संकल्प ही भारत की सबसे बड़ी शक्ति है।
विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने नागरिकों से स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने, फिजूलखर्ची रोकने, तेल एवं बिजली की बचत करने तथा सार्वजनिक परिवहन को अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रभक्ति केवल देश के लिए बलिदान देने तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिदिन जिम्मेदार निर्णय लेने में भी निहित है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता, अनुशासन और जनसहभागिता के बल पर एक सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें