ग्रामीण पीने के पानी के सैंपल लेकर पहुंचे, जलदाय विभाग के कार्यालय
पानी का स्वाद ऐसा कि हलक से नीचे नहीं उतरे
ग्रामीण पीने के पानी के सैंपल लेकर पहुंचे, जलदाय विभाग के कार्यालय
पानी का स्वाद ऐसा कि हलक से नीचे नहीं उतरे
ग्रामीणों का आरोप पेयजल के पानी में है भरपूर फ्लोराइड
राजसमंद । कुंवारिया तहसील मुख्यालय पर जलदाय विभाग के द्वारा विगत कुछ समय से वितरण किए जा रहे हैं पेयजल का स्वाद इतना अधिक बेस्वाद है कि पानी हलक से नीचे नहीं उतर पाता है। पेयजल की विकट समस्या से तंग आकर ग्रामीण सोमवार को पीने के पानी के सैंपल लेकर जलदाय विभाग के कार्यालय पहुंचे तथा पानी की आवश्यक जांच कराने की मांग की है।
कुंवारिया के युवा कार्यकर्ता अमर सिंह डोडिय़ा, दिनेश सालवी आदि ने कुंवारिया पेयजल योजना के तहत कुंवारिया, खाखलिया खेड़ा, सूरजपुरा , रेलवे स्टेशन बस्ती में जलदाय विभाग के माध्यम से वितरण किए जा रहे पानी के काफी अधिक खनिज मात्रा होने, पेयजल के बेस्वाद होने तथा पानी के ऊपर पाउडर की परत जमने की समस्या से तंग आकर सोमवार को जलदाय विभाग के राजसमंद कार्यालय पहुंचकर विभाग के कनिष्ठ अभियंता ज्योति योगी को समस्या से अवगत कराया।
कार्यकर्ताओं ने कुंवारिया कस्बे के रावली पोल क्षेत्र व सालवी मोहल्ला क्षेत्र में जलदाय विभाग के माध्यम से वितरण किए गए पानी के सैंपल लेकर जलदाय विभाग के कार्यालय पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने पेयजल के सैंपल की प्रयोगशाला में गहनता से जांच कराने की मांग की है। युवा कार्यकर्ताओं ने बताया कि वर्तमान में पेयजल वितरण का पानी बेस्वाद है तथा पानी के ऊपर जिस प्रकार से पाउडर की परत जम जाती है ऐसे में संभवत: पेयजल के पानी में फ्लोराइड की मात्रा अधिक होने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
कार्यकर्ताओं ने कुंवारिया पेयजल योजना से जुड़े हुए कुंवारिया, खाखलियाखेड़ा, सूरजपुरा व रेलवे स्टेशन बस्ती की पेयजल की समस्या का स्थाई निस्तारण कराते हुए पूर्ववत बाघेरी नाका पेयजल योजना का शुद्व व मीठा पानी आपूर्ति कराने की मांग की है।





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें