राजस्थान दिवस पर अंत्योदय कल्याण समारोह में उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने की सहभागिता
विधायक माहेश्वरी ने किया उपमुख्यमंत्री का स्वागत
राजस्थान दिवस पर अंत्योदय कल्याण समारोह में उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने की सहभागिता
विधायक माहेश्वरी ने किया उपमुख्यमंत्री का स्वागत
राजसमंद । राजस्थान दिवस समारोह के विशेष अवसर पर उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने राजसमंद से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भरतपुर में आयोजित राज्य स्तरीय अंत्योदय कल्याण समारोह में सहभागिता की। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति में 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' के संकल्प को साकार करते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग द्वारा प्रॉपर्टी पार्सल, दिव्यांगजनों के लिए व्हीलचेयर, निर्माण श्रमिकों को पंजीकरण प्रमाण-पत्र तथा कौशल विकास योजना के अंतर्गत प्रशिक्षित श्रमिकों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। उपमुख्यमंत्री डॉ. बैरवा ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचे और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का समग्र विकास सुनिश्चित हो।
विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने किया उपमुख्यमंत्री का स्वागत
विधायक राजसमंद दीप्ति किरण माहेश्वरी ने उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन को साकार करने के लिए वंचित एवं दलित वर्ग के जीवन में सुधार लाने हेतु ऐतिहासिक कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार निर्धन, युवा, किसान एवं महिला सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है और डबल इंजन सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक, जरूरतमंद दिव्यांग छात्र-छात्राओं को ट्राई साइकिल, प्रॉपर्टी पार्सल आदि वितरित किए गए। विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार महिला उत्थान, किसान कल्याण, उद्यमिता, शिक्षा, खेल एवं गरीब कल्याण जैसे सभी क्षेत्रों में संकल्पबद्ध होकर उल्लेखनीय प्रगति कर रही है।
प्लास्टिक मुक्त राजसमंद अभियान के तहत जूट बैग का विमोचन
राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित साप्ताहिक महोत्सव के अंतर्गत प्लास्टिक मुक्त राजसमंद अभियान के तहत जुट से बने थैलों का विमोचन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने पर्यावरण संरक्षण के इस प्रयास की सराहना की। साथ ही, भरतपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह के सीधे प्रसारण को देखा गया, जिसमें पूरे प्रदेश में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और लाखों लोगों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में कुंभलगढ़ विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़, जिला प्रमुख रतनी देवी जाट, प्रधान अरविंद सिंह राठौड़, जिला प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी एवं जिलेभर से आए आमजन एवं मातृशक्ति की गरिमामयी उपस्थिति रही।






टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें