उत्साहपूर्ण भागीदारी से सांस्कृतिक पुनर्जागरण के नए युग का संकेत-विधायक माहेश्वरी
झील पूजन व दीपदान महोत्सव में उमड़ा श्रद्धा और आस्था का ज्वार
उत्साहपूर्ण भागीदारी से सांस्कृतिक पुनर्जागरण के नए युग का संकेत-विधायक माहेश्वरी
झील पूजन व दीपदान महोत्सव में उमड़ा श्रद्धा और आस्था का ज्वार
राजसमंद – नगर परिषद राजसमंद द्वारा गणगौर महोत्सव मेला 2025 के अंतर्गत राजसमंद झील के जलधारा घाट पर भव्य "झील पूजन व दीपदान महोत्सव" का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों और समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता देखने को मिली।
विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने इस दिव्य आयोजन में सहभागिता करते हुए कहा कि भारतीय नव वर्ष समारोह में समाज के प्रत्येक वर्ग की उत्साहपूर्ण भागीदारी सांस्कृतिक पुनर्जागरण के नए युग का संकेत देती है। यह आयोजन हमारी समृद्ध परंपराओं के संरक्षण के साथ-साथ समाज में आस्था, श्रद्धा एवं सद्भाव की भावना को जागृत करता है।
झील पूजन और दीपदान के इस अनुपम पर्व के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं जल संरक्षण का संकल्प भी लिया गया। इस पावन अवसर पर नगर परिषद सभापति, उपसभापति, नेता प्रतिपक्ष, पार्षदगण, मंडल पदाधिकारी, आमजन, मातृशक्ति एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
हिंदू नव वर्ष समारोह समिति के आयोजन में धार्मिक एकता और सांस्कृतिक विरासत का उल्लास
हिंदू नव वर्ष समारोह समिति द्वारा आयोजित विराट हिंदू धर्म सभा और नव संवत्सर शोभायात्रा में विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने न केवल शोभायात्रा में सिर पर मंगल कलश धारण कर सम्मानपूर्वक भाग लिया, बल्कि हजारों लोगों को अपने हाथों से शीतल पेय का वितरण भी किया। इस शोभायात्रा के दौरान किरण माहेश्वरी स्मृति मंच द्वारा श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेय वितरण सेवा आयोजित की गई, जिससे उपस्थित जनसमूह को गर्मी से राहत मिली।
शोभायात्रा का अद्भुत दृश्य
शोभायात्रा में माताओं और बहनों की मंगल कलश यात्रा, युवाओं द्वारा धर्म ध्वजा को गर्व से लहराना, विभिन्न समाजों की मनमोहक झांकियां, तथा बैंड बाजों की सुमधुर स्वर लहरियों ने माहौल को भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना दिया। विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा, "यह शोभायात्रा धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। हमारी संस्कृति और राष्ट्रहित के लिए यह समर्पण का अवसर है।"
विराट हिंदू धर्म सभा में संतों का मार्गदर्शन
कार्यक्रम में पूज्य युवाचार्य संत श्री अभयदास जी (तखतगढ़, पाली) और भागवत रत्न दीदी साध्वी सरस्वती जी (मध्यप्रदेश) सहित अनेक संत-महात्माओं ने उपस्थित जनसमुदाय को सनातन संस्कृति, धर्म और राष्ट्रहित पर प्रेरणादायक उपदेश दिए। संतों ने समाज में नैतिक मूल्यों, एकता और सद्भाव की महत्ता पर प्रकाश डाला।
विधायक दीप्ति माहेश्वरी का संदेश
विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने कहा कि "ऐसे आयोजन समाज में सामूहिक चेतना और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखते हैं। हम सभी का दायित्व है कि हम अपनी परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुँचाएँ।" उन्होंने समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए आगामी वर्षों में ऐसे कार्यक्रमों के विस्तार का आश्वासन दिया।






टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें