राजसमंद जन संवाद केंद्र पर आयोजित जनसुनवाई में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की भागीदारी
राजसमंद जन संवाद केंद्र पर आयोजित जनसुनवाई में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की भागीदारी
राजसमंद। विधायक राजसमंद दीप्ति माहेश्वरी के जन संवाद केंद्र पर आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही। इस दौरान लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याएं एवं सुझाव विधायक के समक्ष रखे। विधायक दीप्ति ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर जन समस्याओं के त्वरित एवं संवेदनापूर्ण समाधान के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान विधायक दीप्ति ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा और विश्वास सर्वोपरि है, इसलिए प्रशासन को जनहित के मामलों में पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों से संवाद करते हुए विधायक दीप्ति ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आज कालाबाजारी करने वालों की प्रवक्ता बन गई है। उन्होंने कहा कि देश की जनता को पूर्ण विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सक्षम नेतृत्व में जिस प्रकार देश ने कोरोना जैसे अभूतपूर्व संकट का सफलतापूर्वक सामना किया, उसी प्रकार खाड़ी क्षेत्र में युद्ध की स्थिति से उत्पन्न रसोई गैस आपूर्ति संबंधी चुनौतियों का भी समाधान किया जाएगा।
विधायक दीप्ति ने क्षेत्रवासियों से आग्रह किया कि वे भयभीत न हों और रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर अनावश्यक चिंता न करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर रसोई गैस वितरण की सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा कालाबाजारी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सरकार आमजन की सुविधा और हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबंद्य है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या कालाबाजारी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनसुनवाई जैसे आयोजनों के माध्यम से जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है।
दशा माताजी व्रत कथा एवं पूजन में शामिल हुई विधायक माहेश्वरी
सभी के सुख-समृद्धि की कामना की
राजसमंद। विधायक राजसमंद दीप्ति माहेश्वरी ने राजसमंद की मातृशक्ति द्वारा आयोजित दशा माताजी व्रत कथा श्रवण एवं पूजन कार्यक्रमों में भागीदारी कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
विधायक दीप्ति ने कहा कि मेवाड़ की पारम्परिक व्रत कथाएं और धार्मिक आयोजन हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति के जीवंत प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन समाज में धार्मिक जागृति, आस्था और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि दशा माता जी की आराधना समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सद्भाव और पारिवारिक सुख-शांति का संदेश देती है। इस प्रकार के धार्मिक आयोजन सामाजिक एकता और पारस्परिक सहयोग की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं।
विधायक दीप्ति ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए मातृशक्ति की सराहना करते हुए कहा कि समाज में मातृशक्ति की भूमिका सदैव प्रेरणादायी रही है। उनके प्रयासों से ऐसे सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन निरंतर जीवंत बने रहते हैं।
उन्होंने मातृशक्ति द्वारा दिए गए सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस स्नेह और सम्मान से वे अभिभूत हैं। विधायक दीप्ति ने माँ भगवती दशा माता जी से प्रार्थना की कि वे सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करें तथा पूरे क्षेत्र में सुख, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखें।








टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें