ई-लाइब्रेरी से विद्यार्थियों के सपनों को मिलेगी नई उड़ान- विधायक माहेश्वरी
एसआरके महाविद्यालय राजसमंद में निर्मित अत्याधुनिक ई-लाइब्रेरी का लोकार्पण
ई-लाइब्रेरी से विद्यार्थियों के सपनों को मिलेगी नई उड़ान- विधायक माहेश्वरी
एसआरके महाविद्यालय राजसमंद में निर्मित अत्याधुनिक ई-लाइब्रेरी का लोकार्पण
राजसमंद। विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने आज विधायक निधि से एसआरके महाविद्यालय में निर्मित अत्याधुनिक ई-लाइब्रेरी का लोकार्पण, नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत कार्यक्रम में उपस्थिति रही । विधायक ने इस अवसर पर वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
राजसमन्द विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने कहा कि ई-लाइब्रेरी केवल एक आधुनिक सुविधा नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सपनों, प्रतिभा और उज्ज्वल भविष्य को नई उड़ान देने वाला ज्ञान का सशक्त केंद्र है। डिजिटल युग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार की गई यह ई-लाइब्रेरी विद्यार्थियों को वैश्विक ज्ञान, आधुनिक तकनीक और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन संसाधनों से जोड़ते हुए उनके भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
राजसमन्द नगर क्षेत्र स्थित सेठ रंगलाल कोठारी राजकीय महाविद्यालय में विधायक निधि से निर्मित अत्याधुनिक ई-लाइब्रेरी के लोकार्पण अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए विधायक माहेश्वरी ने प्रेरक शब्दों में कहा मंज़िल उन्हीं को मिलती है, जिनके सपनों में जान होती है। पंखों से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है।
उन्होंने कहा कि आज का समय ज्ञान, नवाचार और डिजिटल तकनीक का युग है। ऐसे में विद्यार्थियों को पारंपरिक पुस्तकों के साथ-साथ ई-पुस्तकों, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध सामग्री, ऑनलाइन जर्नल, डिजिटल डेटाबेस तथा प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित अध्ययन सामग्री एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यह ई-लाइब्रेरी विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा प्रणाली से जोड़ते हुए आत्मनिर्भर, तकनीकी रूप से दक्ष और प्रतिस्पर्धी बनाएगी।
विधायक माहेश्वरी ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण अधोसंरचना विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राजसमन्द के युवाओं को महानगरों जैसी आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएँ उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है, ताकि आर्थिक अथवा भौगोलिक कारणों से किसी भी विद्यार्थी की प्रतिभा बाधित न हो।
उन्होंने प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाले नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय जीवन केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और जीवन मूल्यों को आत्मसात करने का श्रेष्ठ अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम, नवाचार और सकारात्मक सोच को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियाँ ही मजबूत व्यक्तित्व का निर्माण करती हैं और निरंतर प्रयास करने वाले विद्यार्थी ही सफलता का इतिहास रचते हैं।
कार्यक्रम में विधायक माहेश्वरी ने विद्यार्थियों से संवाद भी किया तथा उन्हें तकनीक का सकारात्मक उपयोग कर ज्ञानार्जन, शोध एवं नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज का युवा भारत विश्व का नेतृत्व करने की क्षमता रखता है और शिक्षा ही उस सामर्थ्य को साकार करने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। विधायक माहेश्वरी ने कहा कि शिक्षा और पर्यावरण, दोनों ही राष्ट्र के सतत विकास के आधार हैं। प्रत्येक विद्यार्थी को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद चित्तौड़ प्रांत के प्रांत मंत्री जितेन्द्र लोधा, महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकगण, महाविद्यालय परिवार, पूर्व छात्रसंघ पदाधिकारी, मण्डल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अंत में विधायक माहेश्वरी ने विश्वास व्यक्त किया कि यह अत्याधुनिक ई-लाइब्रेरी आने वाले वर्षों में हजारों विद्यार्थियों के ज्ञान, शोध, नवाचार और कैरियर निर्माण की मजबूत आधारशिला सिद्ध होगी तथा राजसमन्द को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
.jpg)
.jpg)
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें