सप्तधारा की सात शक्तियों से विकसित और आत्मनिर्भर भारत का संकल्प होगा साकार
सप्तधारा की सात शक्तियों से विकसित और आत्मनिर्भर भारत का संकल्प होगा साकार
राजसमंद। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह सहित भाजपा कार्यालय, विधायक जन संवाद केंद्र, बोहरा समाज तथा न्यू द्वारकेश ऑटो यूनियन द्वारा आयोजित समारोहों में सहभागिता की। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों और अमर बलिदानियों को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और मजबूत करने का पर्व है।
विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय अर्थव्यवस्था को नई गति देने वाली सप्तधारा की सात शक्तियों—विनिर्माण, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, तकनीक एवं नवाचार, गति शक्ति, रक्षा शक्ति, हरित एवं सामुद्रिक शक्ति तथा पर्यटन एवं सेवा क्षेत्र को विकास का महत्वपूर्ण आधार बताया है। इन क्षेत्रों के सशक्तिकरण से रोजगार, निवेश, उत्पादन और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने आधारभूत संरचना, डिजिटल तकनीक, रक्षा, विनिर्माण, कृषि, ऊर्जा और सेवा क्षेत्र सहित विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियों के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। देश अब विकास के नए चरण में प्रवेश कर चुका है और वर्ष 2047 तक विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि आज का भारत अतीत की चुनौतियों से आगे बढ़कर अपनी क्षमता और सामर्थ्य से भविष्य का निर्माण कर रहा है। 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाएं इस परिवर्तन की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने नागरिकों से राष्ट्रहित, स्वदेशी, आत्मनिर्भरता और विकास के संकल्प के साथ विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें