गोबरधन योजना से गांवों में आएगी समृद्धि की नई क्रांति - विधायक माहेश्वरी
गोबरधन योजना से गांवों में आएगी समृद्धि की नई क्रांति - विधायक माहेश्वरी
राजसमंद। केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा राष्ट्रीय चक्रीय जैव ऊर्जा योजना 'गोबरधन' को 23,731 करोड़ रुपये के परिव्यय के साथ स्वीकृति दिए जाने पर विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय देश की ऊर्जा सुरक्षा, किसानों की समृद्धि और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। मोदी सरकार ने अपशिष्ट से समृद्धि का नया द्वार खोलकर आत्मनिर्भर भारत के अभियान को नई गति दी है।
विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि यह योजना किसानों, ग्रामीण उद्यमियों और निजी निवेशकों के लिए रोजगार व आय के नए अवसर सृजित करेगी। सुनिश्चित खरीद, स्थिर मूल्य निर्धारण, पूंजीगत सहायता, पाइपलाइन कनेक्टिविटी तथा सुगम वित्तीय सहायता जैसी व्यवस्थाएं संपीड़ित बायोगैस (CBG) क्षेत्र को नई मजबूती प्रदान करेंगी। उन्होंने कहा कि यह एकीकृत ढांचा घरेलू संपीड़ित बायोगैस उत्पादन में लगभग दस गुना वृद्धि लाने में सहायक सिद्ध होगा, जिससे देश की ऊर्जा सुरक्षा और अधिक मजबूत होगी।
विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि यह योजना देश की जैविक संपदा को स्वच्छ ऊर्जा, ग्रामीण समृद्धि और आर्थिक विकास में परिवर्तित करने की एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने बताया कि गोबरधन योजना से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बल मिलेगा, बल्कि किसानों की आय भी बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी।
विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सदैव किसान कल्याण, ऊर्जा सुरक्षा और पर्यावरण प्रबंधन को विकसित भारत के आधार स्तंभ के रूप में देखते रहे हैं, और गोबरधन योजना इसी दूरदर्शी सोच का प्रतिबिंब है। उन्होंने राजसमंद क्षेत्र के किसानों से भी इस योजना का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें