निकाय चुनाव में भाजपा को मिलेगा ऐतिहासिक बहुमत - विधायक माहेश्वरी
निकाय चुनाव में भाजपा को मिलेगा ऐतिहासिक बहुमत - विधायक माहेश्वरी
राजसमंद। विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान के शहरी निकायों में संरचनात्मक विकास, जन सुविधाओं के विस्तार और नागरिक सेवाओं की सहज उपलब्धता को प्राथमिकता दी जा रही है। शहरों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने तथा आमजन की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति देने से जनता का विश्वास भाजपा सरकार के प्रति लगातार मजबूत हुआ है।
विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने बताया कि भाजपा सरकार ने स्थानीय चुनावों में ‘एक राज्य, एक चुनाव’ की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। राजस्थान देश का पहला राज्य है, जहां इस व्यवस्था को सफलतापूर्वक लागू करने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं। इससे चुनावी प्रक्रिया को अधिक सुव्यवस्थित बनाने, प्रशासनिक संसाधनों के बेहतर उपयोग और विकास कार्यों में निरंतरता सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की राजनीति सुशासन, विकास और राष्ट्रहित के मूल सिद्धांतों पर आधारित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार जनकल्याण को केंद्र में रखकर योजनाओं और विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही हैं। निकाय चुनावों में भाजपा को इसका व्यापक जनसमर्थन मिलेगा और पार्टी ऐतिहासिक बहुमत के साथ विजयी होगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें