आध्यात्मिक चिंतन, अहिंसा और आत्मशुद्धि से ही जीवन सफल - विधायक माहेश्वरी
आध्यात्मिक चिंतन , अहिंसा और आत्मशुद्धि से ही जीवन सफल - विधायक माहेश्वरी उदयपुर । श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ के तत्वावधान में आयोजित श्री महावीर समवशरण आध्यात्मिक चातुर्मास 2026 के पावन अवसर पर राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने जैन संतों के पावन सान्निध्य में पहुंचकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर विधायक माहेश्वरी ने कहा कि आध्यात्मिक चिंतन , अहिंसा , संयम और आत्मशुद्धि ही मानव जीवन को सार्थक एवं सफल बनाने का मार्ग है। भगवान महावीर का अहिंसा , सत्य , अपरिग्रह , संयम एवं करुणा का संदेश आज भी समूची मानवता के लिए शांति और सद्भाव का प्रकाश - पुंज है। उन्होंने कहा कि चातुर्मास केवल धार्मिक परंपरा नहीं , बल्कि आत्मावलोकन , अंतर्मंथन और जीवन को सद्मार्ग की ओर अग्रसर करने की साधना है। जैन संतों का तप , त्याग और संयमपूर्ण जीवन समाज को नैतिक मूल्यों के संरक्षण तथा आत्मानुशासन की प्रेरणा देता है। विधायक ने कहा कि आज के भौतिकतावादी दौर में जब मनुष्य बाहरी उपलब्धियों की दौड़ में आंतरिक शांति से दूर होता ज...