कागजी कार्यवाही नहीं, धरातल पर काम होना चाहिए - सांसद महिमा कुमारी मेवाड़
चिकित्सा, पेयजल, सडक़ सहित अनेक मुद्दों पर अधिकारियों को दिए निर्देश
कागजी कार्यवाही नहीं, धरातल पर काम होना चाहिए - सांसद महिमा कुमारी मेवाड़
जिला कलेक्ट्रेट में हुई जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक
चिकित्सा, पेयजल, सडक़ सहित अनेक मुद्दों पर अधिकारियों को दिए निर्देश
राजसमंद। सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ की अध्यक्षता में सोमवार को दिशा समिति की बैठक जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित की गई।
जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की अध्यक्षता करते हुए राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने भीम और अन्य क्षेत्रों में आ रही पेयजल की समस्या पर कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों से कहा कि पेयजल की समस्या से जहां पर भी आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है वहां तुरंत समाधान करवाएं। आम जन की समस्या को अपनी स्वयं की व्यक्तिगत समस्या समझ कर समाधान के विकल्प तैयार करें।
सांसद ने चिकित्सा व्यवस्था व चिकित्सालयों में गंदगी की समस्या पर प्रश्न चिन्ह लगाते हुए समुचित प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चिकित्सालय में आने वाली रोगियों को उचित परामर्श देकर संबंधित चिकित्सक के पास भेजने की व्यवस्था करनी चाहिए ताकि रोगी का चिकित्सक पर विश्वास बना रहे।
सांसद ने कहा कि बहुत से चिकित्सालयों में सफाई व्यवस्था ठीक नहीं है। गंदगी की वजह से रोगी व रोगी के साथ आने वाले परिजनों को बहुत परेशानी होती है। इसलिए सफाई की समुचित व्यवस्था की जानी चाहिए।
रोगी की चिकित्सकीय जांचों को लेकर भी स्पष्ट रूप से कहा कि बहुत जगह से शिकायत आ रही है कि रोगियों को गुमराह करके जांच करवाने के लिए चिकित्सालय से बाहर भेजा जा रहा है। जिससे रोगी का आर्थिक शोषण हो रहा है, जो ठीक नहीं है।
मीडिया संयोजक मधुप्रकाश लड्ढा ने बताया कि सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने बेहतर शिक्षा व्यवस्था पर जोर देते हुए बच्चों को मिड डे मील पर मिलने वाले पोषाहार की गुणवत्ता बनाए रखने की हिदायत भी दी।
बैठक में उपस्थित चारों विधानसभाओं के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां कहीं भी समस्या या अनुचित हो रहा है या जनता को कुछ परेशानी है तो उन समस्याओं से तुरंत मुझे अवगत कराया जाए। में स्वयं क्षेत्र का दौरा करके समस्या के समाधान का प्रयास करूंगी।
अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सिर्फ कागजी कार्यवाही नहीं, धरातल पर काम होना चाहिए। ताकि आम आदमी को राहत मिल सकें। कई बार घोषणाओं में तो कार्य हो जाता है लेकिन वस्तु स्थिति अलग होती है। इस तरह के कार्य को बर्दास्त नहीं किया जाएगा।
दिशा बैठक में राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी, जिला कलेक्टर बाल मुकुंद असावा, सीईओं ब्रजमोहन बैरवा सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें