विधायक माहेश्वरी ने किया ‘विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का साझा संकल्प’ अभियान के पोस्टर का विमोचन
विधायक माहेश्वरी ने शिक्षक संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों से की चर्चा
विधायक माहेश्वरी ने किया ‘विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का साझा संकल्प’ अभियान के पोस्टर का विमोचन
विधायक माहेश्वरी ने शिक्षक संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों से की चर्चा
राजसमंद। विधायक राजसमंद दीप्ति माहेश्वरी ने विधायक जनसुनवाई केन्द्र पर अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय), राजसमंद द्वारा जारी किए गए “विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का साझा संकल्प” अभियान के पोस्टर का विमोचन किया।
विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों और संस्कारों का प्रथम मंदिर है। जब शिक्षक और विद्यार्थी मिलकर इसे अपना स्वाभिमान मानेंगे, तभी शिक्षा के वास्तविक उद्देश्य की पूर्ति होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह अभियान समाज में विद्यालय के प्रति आत्मीयता और जिम्मेदारी की नई चेतना जगाएगा।
अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ द्वारा संचालित यह राष्ट्रव्यापी अभियान आगामी 1 सितंबर 2025 को देश भर के पाँच लाख से अधिक विद्यालयों में एक साथ आयोजित होगा। इस दिन शिक्षक और विद्यार्थी पाँच संकल्प लेंगे—विद्यालय को स्वच्छ और प्रेरणादायी बनाए रखना, एकत्व और भाईचारे की भावना को बढ़ाना, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम को जीवन का आधार बनाना, समाज-विद्यालय संबंधों को सुदृढ़ करना तथा अध्ययन-अध्यापन को उत्कृष्ट बनाना।
विधायक माहेश्वरी ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की नींव होती है और यह अभियान इस नींव को और सशक्त करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल विद्यार्थियों और शिक्षकों को साझा उद्देश्य के लिए एकजुट करेगी, जिससे न केवल अकादमिक उत्कृष्टता बढ़ेगी बल्कि विद्यालय के प्रति अपनत्व और स्वाभिमान की भावना भी विकसित होगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी ज्ञान और चरित्र निर्माण में समर्पित हों और शिक्षक प्रेरणा व मानवीय मूल्यों का पोषण करें, तभी शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य पूरा होगा।
विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल नयी पीढ़ी को सशक्त नागरिक और दायित्वनिष्ठ नेतृत्व के रूप में तैयार करेगी, जो समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने शिक्षक संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ शैक्षणिक व सह-शैक्षणिक गतिविधियों पर चर्चा की और शिक्षा की गुणवत्ता सुधार व विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया।





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें