125 दिन के रोजगार से ग्रामीण विकास को नई गति - विधायक माहेश्वरी
देवपुरा में वीबीजीरामजी योजना पर जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन
125 दिन के रोजगार से ग्रामीण विकास को नई गति - विधायक माहेश्वरी
देवपुरा में वीबीजीरामजी योजना पर जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन
राजसमंद। विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने ग्राम पंचायत देवपुरा में आयोजित विभिन्न जनसंपर्क एवं विकासात्मक कार्यक्रमों के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित क्षेत्रवासियों के साथ राज्य सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी वीबीजीरामजी (VBGRAMG) योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा करते हुए सार्थक संवाद किया।
विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि वीबी जी राम जी योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की गारंटी, आर्थिक सुरक्षा तथा गांवों के समग्र और सतत विकास को सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत अब पात्र ग्रामीण परिवारों को 125 दिन का रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है, जो पूर्व में उपलब्ध 100 दिन के रोजगार की तुलना में एक महत्वपूर्ण, दूरदर्शी एवं ऐतिहासिक परिवर्तन है।
विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने ग्रामीणों को योजना से मिलने वाले लाभों की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से स्थायी आय के अवसरों का सृजन, पारिश्रमिक भुगतान में पूर्ण पारदर्शिता एवं समयबद्धता, पंचायतों की सक्रिय भूमिका, महिलाओं, गरीबों एवं वंचित वर्गों को विशेष प्राथमिकता, तथा विकास कार्यों के साथ सीधे रोजगार उपलब्ध कराने जैसे प्रभावी प्रावधान सुनिश्चित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना के सकारात्मक प्रभाव से ग्रामीण परिवारों को आर्थिक स्थिरता एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत आधार मिलेगा, वहीं गांवों में सड़क, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को भी नई गति प्राप्त होगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामीण रोजगार की पुरानी योजना में रही कमियों को दूर करने, भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा वास्तविक रूप से ग्रामीण विकास को गति देने के उद्देश्य से यह नई रोजगार योजना लागू की गई है, ताकि इसका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी रूप से पहुंच सके।
विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि भगवान श्रीराम भारत की आत्मा हैं और देश की जनता अब यह भली-भांति समझ चुकी है कि कौन राम के साथ है और कौन राम के विरोध में। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके नेताओं ने अतीत में भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर भी प्रश्न उठाए तथा अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का खुलकर विरोध किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के प्रति तिरस्कार और तुष्टिकरण की विचारधारा के कारण ही कांग्रेस इस अधिनियम का विरोध कर रही है, और यही कारण है कि देश के सनातनी समाज ने कांग्रेस को राजनीतिक रूप से नकार दिया है।
कार्यक्रम में प्रधान अरविंद सिंह राठौड़, मंडल अध्यक्ष हमेर सिंह भल्ला, सरपंच प्रकाश भील (देवपुरा) , मंडल महामंत्री दलजी गायरी,उपसरपंच प्रताप तेली, पूर्व मंडल अध्यक्ष मुकेश जोशी, देवीलाल प्रजापत, रामजी तेली, भगवत सिंह चारण, चंद्रेश श्रीमाली, मंडल महामंत्री हिम्मत सिंह खटामला सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।






टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें