युवा शक्ति को आत्मनिर्भरता की नई उड़ान देता राजस्थान का बजट ~ विधायक माहेश्वरी
युवा शक्ति को आत्मनिर्भरता की नई उड़ान देता राजस्थान का बजट ~ विधायक माहेश्वरी
राजसमंद। विधायक राजसमंद दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि राजस्थान सरकार का वर्ष 2026-27 का बजट प्रदेश की युवा शक्ति को सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने की दूरदर्शी पहल है। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल रोजगार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को उद्यमिता की ओर प्रेरित कर उन्हें “रोजगार मांगने वाले से रोजगार देने वाला” बनाने का स्पष्ट विजन प्रस्तुत करता है।
विधायक माहेश्वरी ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत 1 लाख युवाओं को ₹10 लाख तक के ऋण पर 100 प्रतिशत ब्याज अनुदान उपलब्ध कराने हेतु ₹1000 करोड़ से अधिक का प्रावधान किया गया है। यह ऐतिहासिक निर्णय प्रदेश में स्टार्टअप संस्कृति और लघु उद्योगों को गति देगा। साथ ही नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना में ऋण सीमा ₹50 लाख से बढ़ाकर ₹1 करोड़ किए जाने तथा ‘लखपति दीदी’ योजना में ऋण सीमा वृद्धि से ग्रामीण एवं महिला उद्यमियों को नई आर्थिक शक्ति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि शिक्षा और कौशल विकास को बजट में विशेष प्राथमिकता दी गई है। 400 विद्यालयों को उन्नत कर उत्कृष्टता मॉडल के रूप में विकसित करने हेतु ₹1000 करोड़ का प्रावधान किया गया है, जबकि 2500 से अधिक विद्यालयों की मरम्मत के लिए ₹550 करोड़ और 300 नए विद्यालय भवनों के निर्माण हेतु ₹450 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। 106 महाविद्यालयों में प्रयोगशाला निर्माण के लिए ₹100 करोड़ तथा 500 विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा विस्तार हेतु ₹51 करोड़ से अधिक की राशि निर्धारित की गई है। 1000 विद्यालयों में एआई आधारित लर्निंग लैब्स की स्थापना और आधुनिक तकनीकी ट्रेड्स की शुरुआत से युवा भविष्य की औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार होंगे।
विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, डिजिटल मेंटरिंग, कौशल उन्नयन, विदेशी भाषा प्रशिक्षण तथा ग्रीन एनर्जी और उभरते क्षेत्रों में प्रशिक्षण जैसे कदम युवाओं के आत्मविश्वास को मजबूत करेंगे। यह बजट अल्पकालिक आर्थिक संबल और दीर्घकालिक संरचनात्मक परिवर्तन दोनों का संतुलित संयोजन है। उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित राजस्थान 2047 की आधारशिला रखते हुए युवा सशक्तिकरण और उद्यमिता विकास को नई दिशा देता है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें