“हैप्पी स्कूल, हैप्पी लर्निंग” पहल से सुदृढ़ हो रहा शिक्षा का आधार - विधायक माहेश्वरी
“हैप्पी स्कूल, हैप्पी लर्निंग” पहल से सुदृढ़ हो रहा शिक्षा का आधार - विधायक माहेश्वरी
राजसमंद। रोटरी क्लब, उदयपुर “मीरा” के “हैप्पी स्कूल, हैप्पी लर्निंग” कार्यक्रम के अंतर्गत पिपलांत्री स्थित राजकीय विद्यालय, सेन्दरो की भागल में नवीनीकरण कार्यों के उद्घाटन समारोह का आयोजन हुआ, जिसमें राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने विद्यालय के नव रूप का अवलोकन किया तथा उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए इस पहल को शिक्षा क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम बताया।
विधायक माहेश्वरी ने कहा कि विद्यालयों का सुदृढ़ बुनियादी ढांचा ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की नींव है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के नवीनीकरण कार्य विद्यार्थियों को बेहतर, सुरक्षित एवं प्रेरणादायी वातावरण प्रदान करते हैं, जिससे वे अपने शैक्षणिक और व्यक्तिगत विकास में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने रोटरी क्लब के “हैप्पी स्कूल, हैप्पी लर्निंग” अभियान की सराहना करते हुए कहा कि समाज और संस्थाओं की सहभागिता से शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन संभव है। प्रदेश की भाजपा सरकार बच्चों को तनावमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने, शिक्षा को ज्ञान एवं कौशल से युक्त बनाने तथा सर्वसुलभ करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
समारोह में पद्मश्री श्यामसुंदर पालीवाल, प्रज्ञा मेहता, निर्मल कुनावत एवं ऑस्ट्रेलिया से आए मार्क बल्ला सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामय उपस्थिति रही। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, पंचायत समिति के प्रतिनिधि एवं ग्रामीण जन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
अंत में विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने विद्यालय परिवार, पंचायत समिति एवं ग्रामवासियों द्वारा प्राप्त स्नेह और सम्मान के लिए सभी का हार्दिक आभार व्यक्त किया तथा आशा व्यक्त की कि इस प्रकार की पहले क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को और अधिक सुदृढ़ करेंगी।





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें