राइजिंग स्टार्स ऑफ राजसमंद में प्रतिभाओं का होगा भव्य सम्मान
समारोह में भाजपा राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह होंगे मुख्य अतिथि
राइजिंग स्टार्स ऑफ राजसमंद में प्रतिभाओं का होगा भव्य सम्मान
समारोह में भाजपा राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह होंगे मुख्य अतिथि
राजसमंद। किरण माहेश्वरी स्मृति मंच द्वारा आयोजित “राइजिंग स्टार्स ऑफ राजसमंद – प्रतिभा सम्मान समारोह 2026” का आयोजन रविवार को सायं 4 बजे भिक्षु निलयम, राजनगर में किया जाएगा। समारोह में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा एवं राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया विशिष्ट अतिथि के रूप में सहभागिता करेंगे। विधायक सुरेंद्र सिंह राठौड़, विधायक हरि सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष जगदीश पालीवाल, जिला कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा तथा पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल सम्माननीय अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
राजसमंद विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने बताया कि किरण माहेश्वरी स्मृति मंच द्वारा आयोजित यह समारोह क्षेत्र की मेधावी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। कार्यक्रम में राजसमंद विधानसभा क्षेत्र के उन विद्यार्थियों को “किरण माहेश्वरी उत्कृष्टता सम्मान” प्रदान किया जाएगा जिन्होंने माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक परीक्षाओं में 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। इसके साथ ही नवाचार और आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय कार्य कर रहे युवा स्टार्टअप उद्यमियों का भी सम्मान किया जाएगा।
विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने भाजपा मंडल अध्यक्षों, वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन दिवंगत नेत्री श्रीमती किरण माहेश्वरी की स्मृति को समर्पित है और क्षेत्र की शैक्षणिक एवं आर्थिक प्रतिभा को सार्वजनिक प्रोत्साहन देने का एक सार्थक प्रयास है। उन्होंने क्षेत्रवासियों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं सामाजिक संगठनों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करने का आह्वान किया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें