विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्ध पूर्णता, सर्वोच्च प्राथमिकता - विधायक माहेश्वरी
विधायक माहेश्वरी ने विधानसभा क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास कार्यों का किया निरीक्षण
विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्ध पूर्णता, सर्वोच्च प्राथमिकता - विधायक माहेश्वरी
विधायक माहेश्वरी ने विधानसभा क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास कार्यों का किया निरीक्षण
राजसमंद। विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने विधानसभा क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास कार्यों का व्यापक निरीक्षण कर उनकी प्रगति एवं गुणवत्ता की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने बड़ारड़ा–पुठिया–फरारा महादेव सड़क निर्माण कार्य का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और प्रत्येक विकास कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जा रही है।
निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सांगठकला, साकरोदा एवं सुन्दरचा मार्ग पर चल रहे सड़क चौड़ीकरण एवं पुलिया निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया। विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए तथा आमजन को बेहतर एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सभी परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा में पूर्ण की जाएं। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय विकास कार्यों की उपेक्षा के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक आवश्यक परियोजनाएं लंबित रहीं, जिन्हें वर्तमान भाजपा सरकार प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है।
विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने बड़ारड़ा से सुन्दरचा वाया सायरा भील बस्ती तक खारी फीडर का निरीक्षण किया तथा सुन्दरचा में बाघेरी पेयजल परियोजना की पाइपलाइन शिफ्टिंग कार्य की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों से आवश्यक चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि पाइपलाइन शिफ्टिंग के दौरान क्षेत्रवासियों को पेयजल आपूर्ति में किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो तथा कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप शीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण सड़क एवं निर्बाध पेयजल सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष चन्द्रशेखर बागोरा, मण्डल अध्यक्ष गोपाल श्रीमाली, पूर्व मण्डल उपाध्यक्ष वेणीराम कुमावत, प्रहलाद कुमावत, चुन्नीलाल कुमावत, मुकेश बागोरा, चन्द्रकान्त पालीवाल, चन्द्रेश कुमावत, विक्रम सिंह डुलावत, शेषमल कुमावत सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियन्ता, बाघेरी सिंचाई विभाग के अधिकारीगण तथा सहायक अभियन्ता भी मौजूद रहे और उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति एवं तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी।




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें