जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान और नगर का समग्र विकास हमारी प्राथमिकता - विधायक माहेश्वरी
भाजपा जिला कार्यालय में नवनिर्वाचित नगर सभापति एवं पार्षदों का अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन
जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान और नगर का समग्र विकास हमारी प्राथमिकता - विधायक माहेश्वरी
भाजपा जिला कार्यालय में नवनिर्वाचित नगर सभापति एवं पार्षदों का अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन
राजसमंद। भाजपा जिला कार्यालय पर नवनिर्वाचित नगर सभापति एवं पार्षदों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि नगर की जनता ने भाजपा पर जो विश्वास जताया है, वह जनसेवा की जिम्मेदारी को और अधिक बढ़ाता है। उन्होंने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से जनसमस्याओं के समयबद्ध निराकरण तथा नगर के समग्र एवं संतुलित विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
विधायक माहेश्वरी ने कहा कि नगर निकाय के माध्यम से सड़क, नाली, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था सहित मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सभी पार्षद सक्रियता से कार्य करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
उन्होंने विशेष रूप से 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों के आयुष्मान भारत वय वंदना कार्ड बनवाने में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया, ताकि वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति सेवा, सुशासन और विकास पर आधारित है।
विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि आगामी जिला परिषद एवं पंचायत समिति चुनावों में भी भाजपा की विजय सुनिश्चित करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को संगठित होकर कार्य करना होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संगठन की एकजुटता और जनता के विश्वास के बल पर ग्रामीण क्षेत्रों में भी विकास एवं सुशासन की विजय का कमल खिलेगा।




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें